धनबाद: धनबाद के अनुभवी क्रिकेट कोच रतन कुमार को भारतीय घरेलू क्रिकेट की प्रतिष्ठित दलीप ट्रॉफी के लिए ईस्ट जोन का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। लगातार दूसरी बार इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए उनके चयन को धनबाद और झारखंड क्रिकेट के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
धनबाद क्रिकेट संघ (DCA) के अध्यक्ष मनोज कुमार और महासचिव बिनय कुमार सिंह ने रतन कुमार को बधाई देते हुए कहा कि उनका अनुभव और नेतृत्व टीम के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा। उन्होंने बताया कि रतन कुमार इससे पहले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में झारखंड टीम के मुख्य कोच के रूप में टीम को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभा चुके हैं।
रतन कुमार का खिलाड़ी के रूप में भी शानदार रिकॉर्ड रहा है। उन्होंने लंबे समय तक झारखंड की रणजी टीम में धनबाद का प्रतिनिधित्व किया और अब कोच के रूप में भी लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं।
धनबाद क्रिकेट संघ के पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि रतन कुमार के नेतृत्व में ईस्ट जोन की टीम आगामी दलीप ट्रॉफी में बेहतर प्रदर्शन करेगी। उनके चयन पर डीसीए के उपाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह, रविजीत सिंह डांग, जावेद खान, कोषाध्यक्ष ललित जगनानी, सुनील कुमार, जेएससीए के कार्यकारिणी सदस्य उत्तम विश्वास, तथा संजीव राणा, राजन सिन्हा, द्वारिका तिवारी सहित कई क्रिकेट पदाधिकारियों और खेल प्रेमियों ने शुभकामनाएं दी हैं।
रतन कुमार की यह उपलब्धि धनबाद के युवा क्रिकेटरों के लिए भी प्रेरणादायक मानी जा रही है, जो स्थानीय स्तर से राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का सपना देखते हैं।
















