बोकारो: बोकारो जिले के बेरमो क्षेत्र में केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने जुलाई माह के दौरान अवैध कोयला तस्करी के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान कुल 395.480 मीट्रिक टन अवैध कोयला बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 10.07 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।
सीआईएसएफ की सीसीएल करगली यूनिट ने कमांडेंट राजप्रताप सिंह के नेतृत्व में पूरे महीने 46 छापेमारी अभियान चलाए। कार्रवाई के दौरान एमएमडीआर अधिनियम के तहत 7 मामलों में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।
अभियान में कुल 36 वाहनों को भी जब्त किया गया। इनमें 26 मोटरसाइकिल, 1 स्कूटी, 3 स्कूटर, 4 ऑटो और 2 पिकअप वाहन शामिल हैं। जब्त किए गए सभी वाहनों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
सीआईएसएफ के अनुसार, अब राजमार्गों पर कोयला लदे वाहनों के दस्तावेजों की सघन जांच की जा रही है। साथ ही अवैध कोयला परिवहन से जुड़े नेटवर्क की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई तेज की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य अवैध कोयला तस्करी पर प्रभावी रोक लगाना और ‘जीरो कोल लीकेज’ के लक्ष्य को हासिल करना है।
जनसहयोग बढ़ाने के लिए सीआईएसएफ ने हेल्पलाइन नंबर 7484974774 जारी किया है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि अवैध कोयला तस्करी से संबंधित किसी भी गतिविधि की जानकारी इस नंबर पर दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
















