धनबाद: धनबाद पुलिस की संसाधन क्षमता को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। पुलिस मुख्यालय की ओर से जिले को नई बोलेरो गाड़ियां उपलब्ध कराई गई हैं। इन वाहनों का औपचारिक शुभारंभ आज सुबह 11 बजे पुलिस केंद्र, धनबाद में आयोजित कार्यक्रम के दौरान किया जाएगा।
कार्यक्रम में उपायुक्त (DC) और वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर नई गाड़ियों को विभिन्न थाना और ओपी के लिए रवाना करेंगे। पुलिस मुख्यालय द्वारा आवंटित ये वाहन जिले के 40 थाना एवं ओपी को उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे पुलिस की गश्त, आपातकालीन प्रतिक्रिया और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की क्षमता में और सुधार होने की उम्मीद है।
इन नए वाहनों का उपयोग अपराध नियंत्रण, त्वरित पुलिस कार्रवाई और आम नागरिकों तक बेहतर पुलिस सेवा पहुंचाने के लिए किया जाएगा। आधुनिक सुविधाओं से लैस ये बोलेरो वाहन जिले में पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक होंगे।
इस अवसर पर जिले के पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की उपस्थिति रहेगी। अधिकारियों का मानना है कि नई गाड़ियों के शामिल होने से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की कार्यक्षमता दोनों को मजबूती मिलेगी।
















