धनबाद : दुर्गा पूजा महोत्सव से पहले धनबाद में डांडिया और उत्सव का रंग देखने को मिला। सर्वधर्म सामूहिक विवाह समिति की महिला विंग की ओर से बुधवार को धनबाद क्लब में भव्य ‘डांडिया धमाल’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ झरिया विधायक रागिनी सिंह, सर्वधर्म सामूहिक विवाह समिति के अध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह, जया सिंह, सुनीता सिंह, अर्पिता सिंह और रेवती पाठक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
दीप प्रज्वलन के बाद पारंपरिक गणेश वंदना के साथ डांडिया नृत्य की शुरुआत हुई। कार्यक्रम में महिलाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया और रंग-बिरंगे परिधानों में डांडिया की धुन पर जमकर नृत्य किया।
बंगाली और पारंपरिक संगीत की धुनों ने पूरे कार्यक्रम में उत्सव का माहौल बना दिया। दुर्गा पूजा से पहले आयोजित इस डांडिया कार्यक्रम ने शहर में त्योहार के उत्साह को और बढ़ा दिया।
आयोजकों की ओर से लोगों से अपनी डांडिया की खास तस्वीरें भेजने की अपील भी की गई है। भेजी गई तस्वीरों को संबंधित व्यक्ति के नाम के साथ प्रकाशित करने की बात कही गई है।
















