भूली/धनबाद : धनबाद के गोनूडीह 13 नंबर दंगल स्थित कोयला लोडिंग स्थल पर शनिवार को हुए एक दर्दनाक हादसे में लगभग 35 वर्षीय गोपनी देवी की हाईवा की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी और शोक का माहौल है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कोयला लोडिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान एक हाईवा की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुट गई।
सूचना मिलते ही सीआईएसएफ की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करते हुए गोनूडीह थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है तथा मामले की जांच में जुट गई है।
फिलहाल दुर्घटना के कारणों का आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं हुआ है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हादसा वाहन चालक की लापरवाही, सुरक्षा व्यवस्था में कमी या किसी अन्य वजह से हुआ।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कोयला लोडिंग स्थलों पर सुरक्षा मानकों के पालन और भारी वाहनों के सुरक्षित संचालन की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
















