धनबाद: आत्मनिर्भर भारत की दिशा में महिलाएं लगातार अपनी मजबूत पहचान बना रही हैं। इसी कड़ी में धनबाद की उद्यमी सुनीता अग्रवाल ने अपने प्रयासों, आत्मविश्वास और दृढ़ संकल्प के बल पर महावीर स्नेक्स प्रतिष्ठान की स्थापना कर महिला उद्यमिता की प्रेरणादायक मिसाल पेश की है। छोटे स्तर से शुरू हुआ उनका यह सफर आज कई महिलाओं के लिए रोजगार का माध्यम बन चुका है।
सुनीता अग्रवाल ने बताया कि उन्होंने जोड़ाफाटक टेलीफोन एक्सचेंज रोड स्थित अपने प्रतिष्ठान में स्वच्छ, हाइजीनिक और गुणवत्तापूर्ण स्नैक्स तैयार करने की शुरुआत की। ग्राहकों का भरोसा और उत्पादों की गुणवत्ता उनके व्यवसाय की सबसे बड़ी ताकत बनी, जिसके चलते कारोबार लगातार विस्तार कर रहा है। इस सफर में उनके पति संजय अग्रवाल भी उनका पूरा सहयोग कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि यदि महिलाएं आत्मविश्वास के साथ अपनी क्षमता के अनुसार कार्य शुरू करें तो सफलता अवश्य मिलती है। उनका मानना है कि महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता न केवल परिवार बल्कि पूरे समाज को मजबूत बनाती है।
महावीर स्नेक्स प्रतिष्ठान में झाल मिक्सचर, खट्टा-मीठा मिक्सचर, महावीर स्पेशल मिक्सचर, पापड़ी, गठिया, रायता बूंदी, चाट भुजिया, प्लेन भुजिया, स्पेशल भेल, चना दाल, स्पेशल लड्डू, व्हाइट चूड़ा मिक्सचर, आलू चिप्स, मिर्च का अचार, पापड़, सुहाली, निमकी, मसाला पापड़ी और ठेकुआ सहित कई उत्पाद तैयार किए जाते हैं, जिन्हें ग्राहकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है।
बढ़ती मांग के कारण प्रतिष्ठान का लगातार विस्तार हो रहा है, जिससे स्थानीय महिलाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं। सुनीता अग्रवाल का यह प्रयास महिला सशक्तिकरण और स्वरोजगार को बढ़ावा देने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
















