पूर्वी टुंडी (धनबाद): पूर्वी टुंडी प्रखंड अंतर्गत रघुनाथपुर पंचायत के असुरबांध गांव में ग्रामीणों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक नई पहल की गई। गांव में ‘वेलनेस हब’ प्रोडक्ट कंपनी की नई शाखा का विधिवत शुभारंभ किया गया, जिससे अब स्थानीय लोगों को आवश्यक दवाएं और स्वास्थ्य संबंधी उत्पाद गांव में ही आसानी से उपलब्ध हो सकेंगे।
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित बालेश्वर मिश्रा द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार एवं पूजा-अर्चना के साथ हुई। इसके बाद फीता काटकर वेलनेस हब का औपचारिक उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि गौतम रवानी उपस्थित रहे। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की स्वास्थ्य सुविधाएं लोगों के लिए काफी लाभदायक साबित होंगी।
यह वेलनेस हब गांव के ही युवा हीरालाल मंडल और आशीष मंडल की पहल पर शुरू किया गया है। उन्होंने बताया कि केंद्र पर विभिन्न प्रकार की आवश्यक एवं गुणवत्तापूर्ण दवाएं तथा स्वास्थ्य उत्पाद उपलब्ध रहेंगे, जिससे ग्रामीणों को छोटी-बड़ी दवाओं के लिए शहरों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। इससे समय और पैसे दोनों की बचत होगी तथा लोगों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
कार्यक्रम को सफल बनाने में सुभाष चंद्र महतो, रीना मंडल, प्रकाश बिहारी, संतोष मंडल, बिरजू कुमार, शिवदेस रवानी, उत्तम दास, किसान मंडल और राहुल मंडल सहित कई लोगों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे और गांव में स्वास्थ्य सुविधा के इस नए केंद्र की शुरुआत पर खुशी व्यक्त की।
















