धनबाद: धनबाद गतका एसोसिएशन के तत्वावधान में धनबाद जिला गतका चैंपियनशिप 2026-27 का आयोजन बिरसा मुंडा मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, मेमको मोड़ में किया जाएगा। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न स्कूलों और क्लबों के सैकड़ों बालक एवं बालिका खिलाड़ी भारत की प्राचीन सिख मार्शल आर्ट शैली गतका में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
जिला सचिव रोहित प्रसाद ने बताया कि इस प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को पारंपरिक मार्शल आर्ट से जोड़ना, खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना तथा राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए उत्कृष्ट खिलाड़ियों का चयन करना है।
चैंपियनशिप का उद्घाटन गतका एसोसिएशन झारखंड के अध्यक्ष केशव हारोदिया, धनबाद जिला अध्यक्ष बसंत हेलीवाल, जिला खेल पदाधिकारी उमेश लोहरा तथा राज्य सचिव विद्या के द्वारा किया जाएगा।
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। वहीं, सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले स्कूल या क्लब को चैंपियन ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। इसके अलावा एक सर्वश्रेष्ठ बालक और एक सर्वश्रेष्ठ बालिका खिलाड़ी को बेस्ट फाइटर अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा।
जिला सचिव ने बताया कि इस चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय गतका प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा, जहां वे धनबाद जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
















