धनबाद: सामाजिक सेवा की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए मारवाड़ी युवा मंच गोविंदपुर शाखा एवं धनबाद रॉकवुल के सहयोग से धनबाद पुलिस लाइन परिसर में स्थायी शीतल पेयजल (वाटर कूलर) मशीन स्थापित की गई। शुक्रवार को इसका विधिवत उद्घाटन वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब तथा अन्य पुलिस अधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया।
उद्घाटन समारोह में एसएसपी प्रभात कुमार ने इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस लाइन में वाटर कूलर लगने से यहां तैनात पुलिस अधिकारियों, जवानों और आने वाले आगंतुकों को वर्षभर स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा कि सामाजिक संस्थाओं द्वारा इस तरह के सहयोगात्मक कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और अन्य संगठनों को भी जनसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।
आयोजकों ने बताया कि सामाजिक दायित्व के तहत पुलिसकर्मियों और आम नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह पहल की गई है। गर्मी के मौसम में शुद्ध एवं ठंडे पेयजल की उपलब्धता से पुलिस लाइन परिसर में कार्यरत कर्मियों को विशेष राहत मिलेगी।
इस अवसर पर सार्जेंट मेजर अवधेश कुमार, मारवाड़ी युवा मंच के प्रांतीय उपाध्यक्ष आदित्य अग्रवाल, राष्ट्रीय रक्तदान संयोजक विवेक लीलहा, गोविंदपुर शाखा के अध्यक्ष शैलेश बंसल, धनबाद रॉकवुल के दिनेश हेलिवाल, अधिवक्ता आदित्य अग्रवाल, अमित बजाज सहित कई गणमान्य नागरिक, पुलिस अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।
आयोजकों ने कहा कि भविष्य में भी समाजहित से जुड़े ऐसे जनोपयोगी कार्य लगातार किए जाते रहेंगे, ताकि जरूरतमंदों और आम लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
















