रांची: जेपीएससी में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच आमरण अनशन पर बैठे छात्र राहुल क्रांति की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें रांची के सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया। शुक्रवार को नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी अस्पताल पहुंचे और राहुल क्रांति का हालचाल जाना। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों और सिविल सर्जन से छात्र के स्वास्थ्य की जानकारी भी ली।
अस्पताल से बाहर निकलने के बाद पत्रकारों से बातचीत में बाबूलाल मरांडी ने कहा कि लंबे समय तक अन्न और जल का त्याग करने के कारण राहुल क्रांति की तबीयत बिगड़ गई थी। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति में सुधार हो रहा है और उनका उपचार जारी है।
मरांडी ने इस दौरान राज्य सरकार पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि सरकार की मंशा स्पष्ट नहीं दिख रही है। उनका आरोप था कि भर्ती परीक्षाओं से जुड़े मामलों में अभ्यर्थियों को न्याय के लिए अदालत का सहारा लेना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि जब हाई कोर्ट की एकल पीठ ने अभ्यर्थियों के पक्ष में फैसला दिया, तब सरकार ने उस आदेश को चुनौती देते हुए डिवीजन बेंच में अपील दायर की।
उन्होंने कहा कि छात्रों का समय अदालतों में मुकदमे लड़ने में नहीं, बल्कि पढ़ाई और अपने भविष्य के निर्माण में लगना चाहिए। साथ ही सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द समाधान निकालने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया की मांग को लेकर छात्र लगातार आंदोलन कर रहे हैं।
















