निरसा: निरसा थाना क्षेत्र के खुदिया फाटक के समीप बुधवार देर शाम सड़क दुर्घटना में बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार तीनों युवक उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तीनों घायलों को इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच, धनबाद पहुंचाया। घायल युवक मदनपुर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद निरसा पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जानकारी जुटाई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच करने के साथ ट्रक और उसके चालक के बारे में भी जानकारी जुटा रही है।
इधर, इलाके में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा व्यवस्था में कमी के कारण दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा भारी वाहनों के परिचालन को लेकर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
















