झरिया: हर घर तिरंगा अभियान और आगामी तिरंगा यात्रा को लेकर झरिया विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की तैयारियां तेज हो गई हैं। झरिया विधायक रागिनी सिंह के निर्देश पर बुधवार को उनकी बड़ी बेटी शताक्षी सिंह ने झरिया बिहार बिल्डिंग स्थित कार्यालय में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मंडलों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के बीच तिरंगे झंडों का वितरण किया।
वितरित किए गए तिरंगे झरिया विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मंडलों के माध्यम से कार्यकर्ताओं और आम लोगों तक पहुंचाए जाएंगे। इसके साथ ही अलग-अलग क्षेत्रों में तिरंगा यात्रा आयोजित कर लोगों को राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के संदेश से जोड़ने की तैयारी की जा रही है।
हर घर तक पहुंचे तिरंगा : शताक्षी सिंह
शताक्षी सिंह ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से झरिया विधानसभा क्षेत्र के हर घर तक राष्ट्रभक्ति की भावना पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से मंडल स्तर पर घर-घर तिरंगा पहुंचाने और अधिक से अधिक लोगों को तिरंगा यात्रा में शामिल होने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि झरिया से निकलने वाली तिरंगा यात्रा राष्ट्रप्रेम, एकता और अखंडता का संदेश देगी।
तिरंगा यात्रा को भव्य बनाने की तैयारी
विधायक रागिनी सिंह ने भी कार्यकर्ताओं से हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रध्वज देश की राष्ट्रीय अस्मिता और करोड़ों देशवासियों के गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से तिरंगा यात्रा को भव्य और सफल बनाने के लिए पूरी ऊर्जा के साथ जुटने का आह्वान किया।
तिरंगा वितरण कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया। विभिन्न मंडलों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने और तिरंगा यात्रा को सफल बनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में स्वरूप भट्टाचार्य, दिलीप भारती, विजय चंद्रवंशी, सौरव शर्मा, पप्पू पासवान, आलोक पंपम, पीके सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
















