धनबाद, 12 अगस्त: डिपार्टमेंट ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी (DST) के विज्ञान ज्योति कार्यक्रम के तहत बुधवार को करीब 200 छात्राओं ने IIT (ISM) धनबाद का शैक्षणिक भ्रमण किया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को साइंस, टेक्नोलॉजी, इंजीनियरिंग और मैथेमेटिक्स (STEM) के क्षेत्र में उच्च शिक्षा और करियर के लिए प्रोत्साहित करना रहा।
इस शैक्षणिक भ्रमण में जवाहर नवोदय विद्यालय (JNV) कोडरमा की 110 और JNV धनबाद की 81 छात्राएं शामिल हुईं। छात्राओं ने IIT (ISM) के फैकल्टी सदस्यों के साथ संवाद किया और विज्ञान एवं तकनीक के विभिन्न क्षेत्रों, रिसर्च, इनोवेशन तथा करियर के अवसरों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
छात्राओं को करियर के विभिन्न विकल्पों की दी जानकारी
IIT (ISM) धनबाद के डीन (R&D) प्रो. पार्थसारथी दास ने छात्राओं से इस विजिट का अधिकतम लाभ उठाने और विशेषज्ञों से बातचीत कर विभिन्न करियर विकल्पों को समझने की अपील की। उन्होंने कहा कि इंजीनियरिंग, मेडिसिन, रिसर्च, एडमिनिस्ट्रेशन और ह्यूमैनिटीज सहित कई क्षेत्रों में करियर की संभावनाएं मौजूद हैं।
उन्होंने कहा कि तेजी से बदलती तकनीक के दौर में नई स्किल्स सीखना, जिज्ञासा बनाए रखना और बदलती जरूरतों के अनुसार खुद को तैयार करना जरूरी है।
डीन, फैकल्टी प्रो. एम.के. सिंह ने छात्राओं को आत्मविश्वास, जिज्ञासा और प्रतिबद्धता के साथ विज्ञान की पढ़ाई आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने छात्राओं से अपने आसपास की चीजों को लेकर सवाल पूछने और उनमें जिज्ञासा विकसित करने की बात कही।
उन्होंने इंफॉर्मेशन, नॉलेज और विजडम के बीच अंतर समझाते हुए कहा कि केवल जानकारी हासिल करना पर्याप्त नहीं है। जानकारी को समझकर ज्ञान में बदलना और उसका सही उपयोग करना जरूरी है। उन्होंने छात्राओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के साथ ह्यूमन इंटेलिजेंस का उपयोग कर वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान तलाशने के लिए भी प्रेरित किया।
प्रो. सिंह ने कहा कि शिक्षा महिलाओं के आत्मनिर्भर और सशक्त बनने का मजबूत माध्यम है। उन्होंने छात्राओं से आर्थिक और सामाजिक चुनौतियों को अपनी शिक्षा की राह में बाधा नहीं बनने देने की अपील की।
विशेषज्ञों ने विभिन्न विषयों पर लिए सत्र
कार्यक्रम के दौरान प्रो. एस.आर. समद्दार, हेड, सेंटर फॉर वाटर रिसोर्स मैनेजमेंट; प्रो. आलोक दास, डीन, इनोवेशन एंड कॉरपोरेट रिलेशंस तथा प्रो. संजीव साहू, एसोसिएट डीन, स्टूडेंट्स वेल-बीइंग ने विभिन्न विषयों पर कीनोट सेशन आयोजित किए।
विज्ञान ज्योति कार्यक्रम की DST नोडल ऑफिसर प्रो. मधुलिका गुप्ता ने पूरे कार्यक्रम का समन्वय किया और धन्यवाद ज्ञापन किया। छात्राओं के लिए इंटरैक्टिव सेशन भी आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं ने लंच किया और IIT (ISM) के i2h का भ्रमण कर इनोवेशन एवं टेक्नोलॉजी से जुड़ी गतिविधियों को करीब से समझा। इस शैक्षणिक भ्रमण के माध्यम से छात्राओं को STEM क्षेत्र में आगे बढ़ने और भविष्य के करियर विकल्पों को लेकर नई जानकारी एवं प्रेरणा मिली।
















