रांची: झारखंड में JPSC और JSSC भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन गुरुवार को 20वें दिन भी जारी रहा। रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्र धरने पर बैठे हैं। आंदोलन के तहत छह छात्र अब भी भूख हड़ताल पर हैं।
आंदोलनकारी छात्र राधे कुमार ने कहा कि प्रदर्शन को 20 दिन पूरे हो चुके हैं, लेकिन सरकार की ओर से उनकी मांगों पर अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। उन्होंने कहा कि दो दिन बाद 15 अगस्त है और छात्र भी स्वतंत्रता दिवस मनाना चाहते हैं, लेकिन मांगों पर समाधान नहीं होने के कारण आंदोलन जारी रखना पड़ रहा है।
JSSC-CGL रद्द करने और CBI जांच की मांग
आंदोलनकारी छात्रों की प्रमुख मांगों में JSSC-CGL परीक्षा रद्द करना और पूरे मामले की CBI जांच कराना शामिल है। छात्रों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सरकार की ओर से कोई ठोस निर्णय नहीं लिया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
छात्रों ने अब अपनी मांगों को लेकर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से सीधे बातचीत करने की इच्छा जताई है। उनका कहना है कि सरकार को छात्रों के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत कर मामले का समाधान निकालना चाहिए।
देवेंद्रनाथ महतो को लेकर भी उठाए सवाल
आंदोलनकारी छात्रों ने आरोप लगाया कि उनके नेता देवेंद्रनाथ महतो को सरकार ने हिरासत में रखा है और उनसे मिलने की अनुमति नहीं दी जा रही है। छात्रों ने दावा किया कि उन्हें देवेंद्रनाथ महतो के स्वास्थ्य की स्थिति की भी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पा रही है।
छात्रों ने सरकार से तत्काल बातचीत शुरू करने और उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है। फिलहाल जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्रों का धरना और भूख हड़ताल जारी है।
















