धनबाद: यात्रियों को बिना टिकट या गलत श्रेणी में यात्रा करने से रोकने के लिए धनबाद मंडल, पूर्व मध्य रेल की ओर से 15 अगस्त को विशेष मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विभिन्न स्टेशनों और कई मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों में सघन जांच की गई।
रेलवे के अनुसार, अभियान में कुल 428 यात्री पकड़े गए। इनमें बिना टिकट यात्रा करने वाले, उचित यात्रा प्राधिकार के बिना सफर करने वाले और बिना बुक किए सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्री शामिल थे।
कार्रवाई के दौरान रेलवे ने कुल ₹3,73,775 जुर्माना वसूला। पकड़े गए यात्रियों को भविष्य में वैध टिकट और उचित श्रेणी के टिकट के साथ ही यात्रा करने की हिदायत दी गई।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि प्लेटफॉर्म पर प्रवेश और ट्रेन में सफर करते समय वैध टिकट जरूर रखें। जिस श्रेणी का टिकट हो, उसी श्रेणी के कोच में यात्रा करें।
रेलवे प्रशासन के मुताबिक, यात्रियों की सुविधा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए इस तरह के टिकट जांच अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
















