गोविंदपुर: गोविंदपुर से टुंडी को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क इन दिनों बदहाल स्थिति में है। जगह-जगह बड़े गड्ढे, उखड़ी सड़क और बारिश के बाद जमा पानी राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बन गया है।
बारिश का पानी गड्ढों में भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में खासकर बाइक सवारों के लिए दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण के बाद नियमित मरम्मत और रखरखाव पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया, जिसके चलते कई हिस्सों में सड़क की स्थिति खराब होती चली गई।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क का जल्द निरीक्षण कराने, बड़े गड्ढों की मरम्मत करने और जलजमाव की समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।
लोगों का कहना है कि यह मार्ग क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है और इसका इस्तेमाल रोजाना बड़ी संख्या में लोग करते हैं। ऐसे में सड़क की खराब स्थिति से आवागमन के साथ-साथ दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है।
अब सवाल यही है कि जिम्मेदार विभाग इस समस्या पर कब संज्ञान लेता है और लोगों को कब तक बेहतर सड़क की सुविधा मिल पाती है।
















