रांची: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) झारखंड की प्रदेश स्तरीय बैठक रविवार को रांची स्थित पार्टी कार्यालय में हुई। बैठक में JPSC मामले की जांच, MMDR संशोधन विधेयक 2026 के विरोध सहित कई जनहित के मुद्दों पर चर्चा की गई।
बैठक के बाद पार्टी के प्रदेश सचिव महेंद्र पाठक ने बताया कि 17 अगस्त से पूरे झारखंड में विरोध प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) संशोधन विधेयक 2026 के विरोध में पार्टी के नेतृत्व में चलाया जाएगा।
भाकपा ने आंदोलन में मजदूरों, किसानों, छात्रों, युवाओं और आम नागरिकों से शामिल होने की अपील की है। पार्टी नेताओं ने कहा कि वे JPSC को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों की मांगों का समर्थन करते हैं।
महेंद्र पाठक ने सरकार से JPSC मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आंदोलनरत छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की मांग की।
आने वाले दिनों में आंदोलन को लेकर झारखंड के विभिन्न जिलों में विरोध-प्रदर्शन और जनसंपर्क अभियान तेज किए जाने की बात कही गई है।
















