धनबाद: धनबाद क्रिकेट संघ (DCA) की ओर से BCCI के पूर्व सचिव और झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) के लंबे समय तक अध्यक्ष रहे स्वर्गीय अमिताभ चौधरी की चौथी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई।
रणधीर वर्मा स्टेडियम स्थित DCA कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में संघ के पदाधिकारियों और सदस्यों ने स्व. चौधरी की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
इस अवसर पर DCA अध्यक्ष मनोज कुमार ने अमिताभ चौधरी के व्यक्तित्व और क्रिकेट के क्षेत्र में उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि झारखंड क्रिकेट को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान दिलाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने रांची में बने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के विकास में भी उनके योगदान को याद किया।
पूर्व मेयर चंद्रशेखर अग्रवाल, DCA महासचिव विनय कुमार सिंह, अभिजीत घोष, अभिषेक सिंह, महिला समिति की सदस्य आसनी सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने भी स्व. अमिताभ चौधरी के क्रिकेट के प्रति समर्पण को याद किया।
वक्ताओं ने कहा कि अमिताभ चौधरी का धनबाद क्रिकेट से भी विशेष जुड़ाव रहा और उन्होंने स्थानीय क्रिकेट को आगे बढ़ाने में लगातार रुचि दिखाई।
श्रद्धांजलि सभा में DCA के पदाधिकारी, सदस्य, क्रिकेट से जुड़े लोग और खेलप्रेमी मौजूद रहे। सभी ने झारखंड क्रिकेट के विकास में स्व. अमिताभ चौधरी के योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
















