झरिया: भालगढ़ा तार बागान इलाके में रविवार दोपहर खाना बनाने के दौरान सांप के डंसने से 21 वर्षीय रूमन कुमारी की मौत हो गई। घटना के बाद परिजन आनन-फानन में उसे इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों के अनुसार, रूमन कुमारी की शादी तय हो चुकी थी और घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं। अचानक हुए इस हादसे से परिवार में खुशी का माहौल गम में बदल गया। युवती की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना से पूरे भालगढ़ा क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।
स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में एंटी-स्नेक वेनम की मांग
घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केंद्रों में एंटी-स्नेक वेनम (ASV) उपलब्ध कराने की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि सांप के काटने के बाद समय पर इलाज मिलना बेहद जरूरी है। स्थानीय स्तर पर जरूरी दवाएं और एंटी-स्नेक वेनम उपलब्ध होने से मरीजों को तत्काल उपचार मिल सकता है।
ग्रामीणों ने धनबाद के अस्पतालों में इलाज मिलने में देरी की समस्या का भी उल्लेख करते हुए स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों पर आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।
⚠️ जरूरी सावधानी: सांप के काटने की स्थिति में मरीज को झाड़-फूंक या घरेलू उपचार के बजाय तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र/अस्पताल ले जाना चाहिए।
















