धनबाद। राजपूत विचार मंच की केंद्रीय कमेटी के अध्यक्ष डी.एन. सिंह के आवासीय कार्यालय में प्रेस वार्ता आयोजित की गई। इस दौरान आरक्षण व्यवस्था और UGC के नए नियमों को लेकर मंच के पदाधिकारियों ने अपनी चिंताएं जाहिर कीं।
वक्ताओं ने कहा कि UGC के नए नियम छात्रों के हित में नहीं हैं और निष्पक्ष जांच के अभाव में मेधावी विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। मंच ने इन नियमों को तत्काल वापस लेने की मांग की।
मंच की ओर से सामाजिक व्यवस्था में समानता लागू करने और आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के हित में नीतियां बनाने की मांग उठाई गई। जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रहे छात्रों के समर्थन में रणधीर वर्मा चौक पर कार्यक्रम आयोजित करने की भी घोषणा की गई।
इसके अलावा प्रधानमंत्री को डाक के माध्यम से तथा धनबाद उपायुक्त के जरिए पत्र भेजकर विरोध दर्ज कराने की बात कही गई। वक्ताओं ने कहा कि आंदोलन को कमजोर करने के प्रयासों के बावजूद युवा शक्ति अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद करती रहेगी।
















