धनबाद। धनबाद रेल मंडल में बिना उचित टिकट और नियमों के विपरीत यात्रा करने वाले यात्रियों के खिलाफ मेगा टिकट चेकिंग अभियान चलाया गया। अभियान के तहत दिन-रात विभिन्न स्टेशनों और मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों में टिकटों की जांच की गई।
रेल मंडल के अनुसार, जांच के दौरान 557 यात्रियों को पकड़ा गया। इनमें बिना टिकट यात्रा करने वाले, उचित प्राधिकार के बिना यात्रा करने वाले तथा बिना बुक किए सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्री शामिल थे।
अभियान के दौरान यात्रियों से कुल 4,87,660 रुपये जुर्माना वसूला गया। पकड़े गए यात्रियों को भविष्य में उचित टिकट और निर्धारित नियमों के अनुसार यात्रा करने की हिदायत दी गई।
टिकट चेकिंग के दौरान कई स्टेशनों के अनारक्षित टिकट काउंटरों पर यात्रियों की भीड़ भी देखने को मिली। धनबाद मंडल की ओर से बताया गया कि टिकट जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
रेल मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे प्लेटफॉर्म पर प्रवेश करने और ट्रेन में सफर करने से पहले उचित टिकट जरूर लें। साथ ही जिस श्रेणी का टिकट हो, उसी श्रेणी में यात्रा करने का अनुरोध किया गया है।
















