रांची। झारखंड में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के बेहतर इलाज को लेकर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की पहल के तहत 20 बच्चों को निःशुल्क हृदय उपचार के लिए कोच्चि रवाना किया गया। बताया गया कि इन बच्चों को दिल में छेद जैसी गंभीर समस्या के इलाज के लिए कोच्चि स्थित अमृता अस्पताल ले जाया जा रहा है।
बच्चों के रवाना होने के दौरान उनके माता-पिता भावुक नजर आए। परिजनों ने इस पहल के लिए स्वास्थ्य मंत्री और सरकार के प्रति आभार जताया। परिवारों का कहना है कि महंगे इलाज का खर्च उठाना उनके लिए बेहद मुश्किल था।
जानकारी के अनुसार, प्रत्येक बच्चे के हृदय उपचार और ऑपरेशन पर करीब 4 से 5 लाख रुपये तक का खर्च आ सकता है। ऐसे में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए यह इलाज कराना बड़ी चुनौती थी। सरकारी पहल के तहत बच्चों के उपचार के साथ जांच, दवा, रहने-खाने और आने-जाने की व्यवस्था भी निःशुल्क किए जाने की बात कही गई है।
स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के अनुसार, इससे पहले भी 75 बच्चों का निःशुल्क हृदय ऑपरेशन कराया जा चुका है। अब करीब 100 बच्चों तक निःशुल्क इलाज की सुविधा पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि आर्थिक स्थिति किसी बच्चे के इलाज में बाधा नहीं बननी चाहिए। गरीब परिवार के बच्चे को बेहतर इलाज उपलब्ध कराकर उसे स्वस्थ जीवन देना ही इस पहल का मुख्य उद्देश्य है।
20 बच्चों के कोच्चि रवाना होने के साथ ही कई परिवारों के लिए उम्मीद की एक नई किरण जगी है। अब इन बच्चों के इलाज और सफल ऑपरेशन के बाद उनके स्वस्थ होकर घर लौटने का परिजनों को इंतजार है।
















