धनबाद। विशेष बच्चों की प्रतिभा और वैज्ञानिक सोच ने एक बार फिर धनबाद का नाम रोशन किया है। बोकारो के सेक्टर-5डी स्थित आशालता विकलांग स्कूल में आयोजित Accessible STEM Science Exhibition 2026 में नारायणी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित पहला कदम विशेष स्कूल, धनबाद के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल किया।
समर्थनम ट्रस्ट फॉर द डिसेबल्ड की STEM शिक्षा पहल के तहत आयोजित इस विज्ञान प्रदर्शनी में अलग-अलग स्कूलों के विद्यार्थियों ने वैज्ञानिक मॉडल, प्रयोग और नए विचारों पर आधारित प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए।
पहला कदम के विद्यार्थियों ने भी अपने मॉडल और प्रभावी प्रस्तुति से निर्णायकों का ध्यान आकर्षित किया। उनकी मेहनत और वैज्ञानिक सोच के दम पर उन्हें राज्य में दूसरा स्थान मिला।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बीएसएल के महाप्रबंधक सह सीएसआर पार्थ चक्रवर्ती और विशिष्ट अतिथि सहायक महाप्रबंधक सह सीएसआर रिचा कुणाल मौजूद रहीं। अतिथियों ने विद्यार्थियों के मॉडल का अवलोकन किया और उनकी प्रतिभा की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।
मेहनत और प्रतिभा से बनाई पहचान
पहला कदम की सचिव अनिता अग्रवाल ने इस उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि विशेष बच्चों के लिए यह गौरव का क्षण है। बच्चों ने अपनी मेहनत, लगन और प्रतिभा के जरिए साबित किया है कि सही अवसर और मार्गदर्शन मिलने पर वे किसी भी क्षेत्र में अपनी पहचान बना सकते हैं।
उन्होंने कहा कि STEM आधारित गतिविधियों से बच्चों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता और आत्मविश्वास विकसित होता है। उन्होंने इस सफलता के लिए विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को बधाई दी।
अनिता अग्रवाल ने कहा कि पहला कदम आगे भी बच्चों को विज्ञान, शिक्षा और अन्य रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए लगातार प्रोत्साहित करता रहेगा।
कार्यक्रम में समर्थनम ट्रस्ट की ओर से कार्यक्रम प्रबंधक मंजूनाथ पी. और परियोजना समन्वयक हृदय रंजन पॉल समेत विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।
प्रदर्शनी में पहला कदम के बच्चों की प्रस्तुति विशेष आकर्षण का केंद्र रही। राज्य स्तर पर दूसरा स्थान हासिल कर विद्यार्थियों ने न सिर्फ अपने स्कूल बल्कि धनबाद का भी गौरव बढ़ाया।
















