एसएसपी ने अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर चलेगा रोजाना अभियान, जनता से भी सहयोग की अपील*
*बलियापुर मोड़ और टुंडी मोड़ बने फोकस पॉइंट, अतिरिक्त जवान की हुई तैनाती*
* बढ़े सुरक्षा इंतजाम, रिफ्लेक्टर, साइन बोर्ड और लाइटिंग पर जोर*
एलिवेटेड ब्रिज निर्माण कार्य के कारण गोविंदपुर रोड पर उत्पन्न भीषण जाम की समस्या से आम नागरिकों को राहत दिलाने के लिए धनबाद पुलिस अब पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है। लगातार मिल रही शिकायतों और बढ़ती परेशानी को देखते हुए शनिवार को एसएसपी श्री प्रभात कुमार स्वयं गोविंदपुर क्षेत्र पहुंचे और पूरे इलाके का विस्तृत निरीक्षण कर जमीनी हालात का गहन आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी महोदय ने जाम प्रभावित सभी प्रमुख मार्गों का जायजा लिया और मौके पर मौजूद अधिकारियों से जाम के वास्तविक कारणों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने पाया कि अव्यवस्थित ट्रैफिक, सड़क किनारे अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और हाईवे पर अनियंत्रित कट जाम की प्रमुख वजहें हैं। इस पर उन्होंने तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश जारी किए।
एसएसपी महोदय ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सड़कों को हर हाल में अतिक्रमण मुक्त रखना पुलिस प्रशासन की प्राथमिकता है। सड़क किनारे लगे ठेले-खोमचे, कब्जा जमाए दुकानदारों और अवैध रूप से पार्क किए गए वाहनों के खिलाफ प्रतिदिन अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने गोविंदपुर थाना प्रभारी और ट्रैफिक पुलिस को निर्देश दिया कि सड़क पर खड़ी गाड़ियों को तुरंत जब्त कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि सड़क की चौड़ाई बनी रहे और ट्रैफिक सुचारु रूप से चल सके। निरीक्षण के दौरान भी कई गाड़ियों को जब्त कर थाना लाया गया।
निरीक्षण के दौरान बलियापुर मोड़ और टुंडी मोड़ को अत्यधिक संवेदनशील ट्रैफिक प्वाइंट के रूप में चिन्हित किया गया। इन स्थानों पर वाहनों का अत्यधिक दबाव रहता है, जिससे अक्सर लंबा जाम लग जाता है।
एसएसपी महोदय ने इन दोनों जगहों पर अतिरिक्त ट्रैफिक जवानों की तैनाती के साथ-साथ वॉलेंटियर्स की मदद लेने का निर्देश दिया। साथ ही इन प्वाइंट्स पर लगातार मॉनिटरिंग कर तत्काल ट्रैफिक डायवर्जन लागू करने की भी बात कही, ताकि जाम की स्थिति बनने से पहले ही उसे नियंत्रित किया जा सके।
ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए एसएसपी ने बड़ा फैसला लेते हुए धनबाद से गोविंदपुर जाने वाले मार्ग पर स्थित हाईवे के एक कट को तत्काल बंद करने का निर्देश दिया।
अब धनबाद से गोविंदपुर की ओर जाने वाले सभी वाहनों को रंगडीह मोड़ होकर गुजरना होगा। इस बदलाव को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए एसएसपी महोदय ने NHAI को निर्देश दिया कि वे तुरंत आवश्यक बैरिकेडिंग, साइन बोर्ड और मार्गदर्शन बोर्ड की व्यवस्था सुनिश्चित करना होगा।
एसएसपी महोदय ने निर्देश दिया कि सभी संवेदनशील और दुर्घटना संभावित स्थानों को चिन्हित कर वहां रिफ्लेक्टर, साइन बोर्ड और पर्याप्त स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था की जाए।
उन्होंने कहा कि अक्सर रात के समय रोशनी की कमी और संकेतक के अभाव में दुर्घटनाएं होती हैं, इसलिए इन बिंदुओं पर विशेष ध्यान देना बेहद जरूरी है।
इस निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक डीएसपी अरविन्द सिंह, गोविंदपुर थाना प्रभारी विष्णु प्रसाद राउत, सीओ धर्मेंद्र दुबे, बीडीओ ज़हिर आलम सहित NHAI के अधिकारी, पुलिस जवान और वॉलेंटियर्स मौजूद रहे।
एसएसपी महोदय ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया, ताकि निर्माण कार्य के दौरान भी ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित न हो और आम लोगों को राहत मिल सके।
एसएसपी श्री प्रभात कुमार ने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे ट्रैफिक नियमों का पालन करें, सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़ा न करें और प्रशासन द्वारा निर्धारित रूट का ही उपयोग करें।
उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन अपने स्तर पर पूरी कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जब तक आम जनता सहयोग नहीं करेगी, तब तक जाम की समस्या का स्थायी समाधान संभव नहीं है।
गोविंदपुर में जाम की समस्या को लेकर अब पुलिस प्रशासन पूरी तरह गंभीर है। एसएसपी महोदय के सीधे हस्तक्षेप और सख्त निर्देशों के बाद यह उम्मीद की जा रही है कि आने वाले दिनों में ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार होगा और लोगों को लंबे जाम से राहत मिल सकेगी।
















