रूपनारायणपुर: आमडांगा मोड़ के पास सामडी रोड किनारे स्थित एक टोटो सर्विस दुकान में गुरुवार दोपहर अचानक जोरदार धमाका हो गया। हादसे में दुकान मालिक सुभाष पाल गंभीर रूप से झुलस गए।
बताया गया कि एक टोटो चालक के दुकान से बाहर निकलने के कुछ ही देर बाद तेज विस्फोट हुआ। इसके बाद दुकान में आग लग गई और वहां रखी टोटो की बैटरियां लगातार फटने लगीं। धमाकों की आवाज से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय लोगों ने घायल दुकान मालिक को बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने पर रूपनारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। चित्तरंजन और आसनसोल से पहुंची दमकल की दो गाड़ियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग हादसे के कारणों की जांच कर रहे हैं।
















