धनबाद : सड़क हादसों पर रोक लगाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए धनबाद पुलिस ने ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर शनिवार को सरायढेला थाना मोड़ के पास वाहनों की सघन जांच की गई।
अभियान का नेतृत्व ट्रैफिक डीएसपी रोहित कुमार साव ने किया। जांच के दौरान संदिग्ध वाहन चालकों को रोककर उनकी जांच की गई। नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 15 वाहनों को जब्त कर ट्रैफिक थाना लाया गया।
पुलिस ने वाहन चालकों को चेतावनी देते हुए कहा कि शराब या किसी अन्य नशीले पदार्थ का सेवन कर वाहन चलाना खुद की और दूसरों की जान के लिए खतरनाक है। लोगों से अपील की गई कि नशे की हालत में खुद वाहन चलाने के बजाय वैकल्पिक साधनों का इस्तेमाल करें।
धनबाद पुलिस के अनुसार, ड्रंक एंड ड्राइव के साथ-साथ तेज रफ्तार, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। रात के समय प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर जांच और सख्त की जाएगी।
















