गोविंदपुर : जीटी रोड (NH-19) पर शुक्रवार आधी रात के बाद भीषण जाम लगने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। दिल्ली लेन में गायडेहरा मोड़ से गोविंदपुर बाजार और कोलकाता लेन में पंडुकी तक करीब 16 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार लग गई।
शनिवार सुबह करीब 10 से 11 बजे तक जाम की स्थिति बेहद गंभीर बनी रही। इसके बाद भी दिनभर रुक-रुककर वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती रही। रातभर जाम में फंसे यात्रियों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ा। महिलाओं को शौच के लिए आसपास के घरों और होटलों का सहारा लेना पड़ा, जबकि सायरन बजाती एंबुलेंस भी जाम में फंसी रही।
यात्रियों के मुताबिक, कोलकाता से रात करीब 12:30 बजे पहुंचने वाली बस सुबह 6:30 बजे गोविंदपुर से आगे निकल सकी। गोविंदपुर बाजार में खराब ट्रकों, अतिक्रमण और भारी वाहनों की आवाजाही को जाम की बड़ी वजह बताया जा रहा है।
जाम का असर साहिबगंज, टुंडी और बलियापुर जाने वाले मार्गों पर भी देखने को मिला। लंबे समय तक यातायात बाधित रहने से स्थानीय लोगों के साथ-साथ दूर-दराज से आने-जाने वाले यात्रियों को काफी परेशानी हुई।
















