धनबाद : IIT (ISM) धनबाद ने स्वच्छ और सुरक्षित ऊर्जा की दिशा में एक अहम कदम उठाया है। संस्थान जिले का पहला ऐसा संस्थान बन गया है, जहां पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की आपूर्ति शुरू की गई है।
शनिवार को संस्थान के 150 क्वार्टर वाले गिरिडीह रोड साइड (GR) क्षेत्र में PNG सेवा का औपचारिक शुभारंभ किया गया। उद्घाटन संस्थान के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा और दीप्ति लेडीज क्लब की अध्यक्ष शकुंतला मिश्रा ने किया।
संस्थान के अधिकारियों के अनुसार, PNG को पर्यावरण के अनुकूल, सुरक्षित और सुविधाजनक ईंधन माना जाता है। इससे पारंपरिक LPG सिलेंडर पर निर्भरता कम होगी और परिसर के निवासियों को रसोई गैस की बेहतर सुविधा मिलेगी।
फिलहाल करीब 180 अन्य क्वार्टरों और स्टाफ क्वार्टरों में PNG कनेक्शन देने का काम जारी है। सितंबर 2026 तक पूरे परिसर में PNG कनेक्शन पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद हॉस्टल और जरूरत वाले अन्य भवनों में भी कनेक्शन उपलब्ध कराने की योजना है।
पूरे परिसर में कुल 647 से अधिक PNG कनेक्शन देने की तैयारी है। GAIL Gas के अधिकारियों ने भी इसे धनबाद में PNG नेटवर्क के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस पहल से IIT (ISM) धनबाद के परिसर को अधिक स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में मदद मिलने की उम्मीद है।
















