धनबाद : बेलगड़िया पुनर्वास कॉलोनी में प्रधानमंत्री के सलाहकार तरुण कपूर के प्रस्तावित दौरे से पहले व्यवस्थाओं में अचानक तेजी देखने को मिल रही है। मंगलवार को बेलगड़िया फेस-2 स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय के पास धनबाद नगर निगम की ओर से मोबाइल टॉयलेट लगाया गया।
बताया जा रहा है कि स्कूल परिसर में मौजूद पुराना शौचालय करीब एक साल पहले तोड़ दिया गया था। इसके बाद नए शौचालय भवन का निर्माण शुरू हुआ, लेकिन लंबे समय से काम पूरा नहीं होने के कारण छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
अब अधिकारी के दौरे से ठीक पहले मोबाइल टॉयलेट लगाए जाने को लेकर स्थानीय लोगों के बीच चर्चा शुरू हो गई है। लोगों का सवाल है कि यदि बच्चों की सुविधा के लिए मोबाइल टॉयलेट की व्यवस्था की जा सकती है, तो पिछले एक साल से स्थायी शौचालय का निर्माण पूरा क्यों नहीं कराया गया?
स्थानीय लोगों का कहना है कि बेलगड़िया में अचानक साफ-सफाई, सजावट और अस्थायी सुविधाओं पर जोर दिया जा रहा है। ऐसे में लोगों की नजर इस बात पर है कि ये व्यवस्थाएं केवल दौरे तक सीमित रहती हैं या आगे भी नियमित रूप से जारी रहती हैं।
लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूल में नए शौचालय का निर्माण जल्द पूरा कराया जाए, ताकि बच्चों को स्थायी सुविधा मिल सके।
सवाल अब यही है—VVIP दौरे की वजह से व्यवस्था बदली है या बेलगड़िया में वास्तव में स्थायी सुधार की शुरुआत हुई है?
















