Dhanbad : झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (झालसा) की टीम ने सोमवार को धनबाद पहुंचकर जिले में चल रही विधिक सेवा गतिविधियों का औचक निरीक्षण किया। टीम में झालसा की सदस्य सचिव रंजना अस्थाना और उप सचिव अभिषेक कुमार शामिल रहे। उनके साथ प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार के अध्यक्ष निकेश कुमार सिन्हा भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पैरालीगल वॉलंटियर्स (PLV) के कामकाज की समीक्षा की। आम लोगों को दी जा रही निःशुल्क कानूनी सहायता, विधिक जागरूकता और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जरूरतमंदों को जोड़ने की प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली गई।
झालसा की टीम ने जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर सैकड़ों लाभुकों से सीधे बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने यह भी जानकारी ली कि जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं और अन्य सुविधाओं का लाभ समय पर मिल रहा है या नहीं।
इसके अलावा जिले में संचालित लीगल एड क्लिनिकों का भी निरीक्षण किया गया। यहां मिलने वाली निःशुल्क कानूनी सहायता, लंबित मामलों और लाभुकों तक पहुंच रही सेवाओं की स्थिति की जानकारी अधिकारियों ने ली।
झालसा सदस्य सचिव रंजना अस्थाना ने कहा कि विधिक सेवा का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और निःशुल्क कानूनी सहायता पहुंचाना है। उन्होंने PLV को आम लोगों के बीच सक्रिय रहकर उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को विधिक सहायता व्यवस्था को और प्रभावी, सरल और जनोन्मुख बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।
















