Dhanbad : JPSC-JSSC भर्ती प्रक्रिया में सुधार और भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रहा अभियान मंगलवार को धनबाद पहुंचा। नेमरा से शुरू हुई भर्ती सुधार यात्रा के नौवें दिन बलियापुर में झारखंड के प्रमुख जननेता विनोद बिहारी महतो के समाधि स्थल पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो के नेतृत्व में निकली इस यात्रा में शामिल लोगों ने समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित कर विनोद बिहारी महतो के संघर्ष और विचारों को याद किया। इस दौरान उनके वंशज परिवार को भी सम्मानित किया गया।
आयोजकों ने कहा कि युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता जरूरी है। यात्रा के माध्यम से JPSC-JSSC की भर्ती प्रक्रिया में सुधार और कथित अनियमितताओं पर रोक लगाने की मांग को प्रमुखता से उठाया जा रहा है।
बलियापुर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम के बाद यात्रा कोलांचल की धरती से आगे के लिए रवाना हुई। अभियान से जुड़े लोगों ने कहा कि भर्ती व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर उनका आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
युवाओं के लिए निष्पक्ष और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था की मांग को लेकर निकली यह यात्रा अब अगले पड़ाव की ओर बढ़ गई है।
















