Dhanbad : होमगार्ड बहाली प्रक्रिया के तहत शहरी तकनीकी (धनबाद) वर्ग के महिला और पुरुष अभ्यर्थियों का मेडिकल जांच एवं डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन कराया गया। इस दौरान मेधा सूची में 1 से 24 तक की महिला अभ्यर्थियों और 116 से 201 तक के पुरुष अभ्यर्थियों का सत्यापन किया गया।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों का वेरिफिकेशन निर्धारित दिन पर नहीं हो सका, उन्हें 1 सितंबर 2026 को मेडिकल एवं डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन कराने का अंतिम अवसर दिया जाएगा।
प्रशासन ने चयनित अभ्यर्थियों को बहाली के नाम पर किसी भी बिचौलिए या दलाल के झांसे में नहीं आने की अपील की है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि कोई व्यक्ति पैसे लेकर बहाली में मदद कराने का प्रलोभन देता है, तो इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को तत्काल दी जानी चाहिए।
उपायुक्त ने अभ्यर्थियों से किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा नहीं करने और बहाली प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी केवल आधिकारिक माध्यमों से प्राप्त करने की अपील की है।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत देने को कहा है।
















