गोविंदपुर : धनबाद जिले के प्रसिद्ध ऐतिहासिक गोविंदपुर रास मंदिर में श्री कृष्ण जन्माष्टमी को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। मंदिर समिति की ओर से इस बार उत्सव को भव्य रूप देने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के लिए भी विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
आयोजन को लेकर मंदिर समिति ने प्रेस वार्ता कर कार्यक्रम की रूपरेखा और व्यवस्थाओं की जानकारी दी। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक रोशनी और प्राकृतिक फूलों से सजाया जा रहा है।
जन्माष्टमी की मध्यरात्रि में होने वाली महाआरती आयोजन का प्रमुख धार्मिक आकर्षण रहेगी। इसके अगले दिन आयोजित होने वाली भव्य भक्ति संध्या में कलकत्ता से आने वाले चर्चित गायक अपनी प्रस्तुतियां देंगे। इसे लेकर श्रद्धालुओं और स्थानीय युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधा पर विशेष जोर
मंदिर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के लिए CCTV कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। स्थानीय पुलिस के साथ मंदिर समिति के स्वयंसेवक भी व्यवस्था संभालने के लिए तैनात रहेंगे।
श्रद्धालुओं की भीड़ और वाहनों के आवागमन को देखते हुए प्रमुख मार्गों के आसपास पार्किंग की व्यवस्था की जा रही है। बारिश को ध्यान में रखते हुए वाटरप्रूफ शेड, कतार प्रबंधन, पेयजल और महाप्रसाद वितरण के लिए अलग-अलग काउंटर बनाए जा रहे हैं।
मंदिर समिति ने क्षेत्र के लोगों से श्री कृष्ण जन्माष्टमी के इस पावन आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है।
प्रेस वार्ता में पूजा कमेटी के अध्यक्ष विमल कुमार यादव के अलावा लक्ष्मण सिंह, अनिल कुमार गुप्ता, निर्मल कुमार, उज्ज्वल मंडल, कल्याण रूज, उत्तम कुमार सेन, अमल दत्ता, प्रणव कुमार सिंह (राजा जी), उमाशंकर सिंह, संतोष सोनी, कन्हैया लाल उपाध्याय, मुकुल पाण्डेय, गौतम बिष्ट, फाल्गुनी रूज, मिथुन चक्रवर्ती, संरक्षक सौरभ बर्मण, अंकित कुमार गुप्ता, असीम बिस्वास, बलराम गोराई, लखी नारायण सेन, विवेकानन्द पाण्डेय, राम नरेश प्रसाद, जय प्रकाश सिंह, अशोक वर्मण, नेपाल पाण्डेय, रंजीत पाण्डेय सहित समिति के कई सदस्य मौजूद रहे।
















