गिरिडीह: तिसरी थाना क्षेत्र से अपहृत कंस्ट्रक्शन कंपनी के मुंशी की हत्या के मामले का पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का शव बिहार के जमुई जिले के चिहरा थाना क्षेत्र के सीमावर्ती पिपराटांड़ जंगल से बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, एचएनएलसी कंस्ट्रक्शन कंपनी में मुंशी के पद पर कार्यरत मंगेश कुमार (42) का 6 सितंबर को तिसरी थाना क्षेत्र के खटपोक गांव स्थित बाघमारी मोड़ के पास से कथित तौर पर अपहरण किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी के निर्देश पर खोरीमहुआ एसडीपीओ के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई।
काम को लेकर विवाद के बाद हत्या की साजिश का आरोप
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि कंपनी के प्रोजेक्ट मैनेजर उपेंद्र चौधरी और मुंशी मंगेश कुमार के बीच काम में हस्तक्षेप, डीजल और अन्य खर्चों को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस का आरोप है कि इसी विवाद के चलते उपेंद्र चौधरी ने पिंटू कुमार यादव समेत अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची।
चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में इम्तियाज अंसारी, शिव कुमार, पिंटू कुमार यादव और राजेश कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों का संबंध देवघर, मुजफ्फरपुर और गिरिडीह से है।
आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, खून लगा पत्थर, सब्बल का डंडा और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। पुलिस अब मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
















