कतरासगढ़: कतरास कॉलेज में स्नातक स्तर पर विभिन्न विषयों की घटाई गई सीटों को आगामी शैक्षणिक सत्र 2027-28 से पूर्व की स्थिति में बहाल करने और नए विषयों की पढ़ाई शुरू कराने की मांग उठी है। इसको लेकर BBMKU के बाघमारा विधायक प्रतिनिधि चित्तरंजन कुमार सिंह ने विश्वविद्यालय पहुंचकर छात्र कल्याण अधिष्ठाता (DSW) डॉ. पुष्पा कुमारी को विस्तृत प्रस्ताव सौंपा। इस दौरान एडमिशन सेल की नीतू मैम भी मौजूद रहीं।
इन विषयों में सीटें बढ़ाने की मांग
प्रस्ताव में सत्र 2021-24 के अनुसार सीटें बढ़ाने की मांग की गई है। इसके तहत इतिहास की 240 से बढ़ाकर 480, राजनीति विज्ञान की 240 से 350, वाणिज्य की 240 से 480 और हिंदी की 180 से बढ़ाकर 320 सीट करने का आग्रह किया गया है। अन्य विषयों में भी आवश्यकता के अनुसार सीट बढ़ाने की मांग रखी गई है।
समाजशास्त्र की मैपिंग और नए विषयों की मांग
प्रस्ताव में समाजशास्त्र की पढ़ाई शुरू कराने और चांसलर पोर्टल पर कतरास कॉलेज की मैपिंग करने की मांग भी शामिल है। आवेदन के अनुसार, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के पत्र के आधार पर समाजशास्त्र के लिए दो शिक्षकों के पद सृजित किए गए हैं, लेकिन पोर्टल पर मैपिंग नहीं होने से ऑनलाइन नामांकन शुरू नहीं हो सका है।
इसके अलावा क्षेत्र की भाषाई जरूरतों को देखते हुए खोरठा, कुड़माली और उड़िया विषयों की पढ़ाई शुरू कराने का भी आग्रह किया गया है। प्रस्ताव में कहा गया है कि खोरठा और कुड़माली की पढ़ाई शुरू करने को लेकर विश्वविद्यालय स्तर पर स्वीकृति मिलने के बावजूद अब तक कक्षाएं शुरू नहीं हो सकी हैं।
प्रस्ताव में यह भी बताया गया है कि खोरठा और कुड़माली विषयों से जुड़े चार शोधार्थी डॉ. आशीष कुमार के मार्गदर्शन में शोध कार्य कर रहे हैं। उनके शैक्षणिक अनुभव और शोध कार्यों का उपयोग इन विषयों के विकास में किया जा सकता है।
चित्तरंजन कुमार सिंह ने विश्वविद्यालय प्रशासन से आगामी सत्र 2027-28 में सीटों को सत्र 2021-24 के अनुरूप बढ़ाने, समाजशास्त्र की मैपिंग कराने और खोरठा, कुड़माली व उड़िया विषयों की पढ़ाई शुरू कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।
















