रांची: डोरंडा थाना क्षेत्र के धोबी मोहल्ला स्थित उर्दू लाइब्रेरी के पास रविवार को कथित तौर पर करीब छह राउंड फायरिंग की घटना सामने आई है। गोली चलने की आवाज से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना के बाद वाहन सवार आरोपी मौके से फरार हो गए।
डोरंडा दरगाह कमेटी के सेक्रेटरी जावेद अनवर ने आरोप लगाया कि उन्हें डराने के उद्देश्य से फायरिंग की गई। हालांकि, फायरिंग की वजह और आरोपियों की पहचान को लेकर पुलिस जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही डोरंडा, जगन्नाथपुर, चुटिया और हिंदपीढ़ी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। स्थानीय लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
फायरिंग के पीछे क्या वजह थी और घटना में कौन लोग शामिल थे, इसका पता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
















