कोलकाता: उत्तर 24 परगना जिले के पानीहाटी स्थित धानकल मोड़ के पास रविवार दोपहर CESC की एक इमारत में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे भवन को अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटों से आसपास की कई झोपड़ियां भी प्रभावित हुईं, जबकि भवन के सामने खड़ा एक ऑटो पूरी तरह जलकर राख हो गया।
आग लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। व्यस्त सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। स्थिति को संभालने के लिए खड़दह थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रैफिक व्यवस्था नियंत्रित की।
सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की गंभीरता को देखते हुए बाद में पांच और दमकल वाहनों को भेजा गया। कुल नौ दमकल वाहनों की मदद से करीब दो घंटे तक आग बुझाने का अभियान चलाया गया।
दमकलकर्मियों ने जेसीबी की मदद से इमारत का मुख्य गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। प्रारंभिक जांच में ट्रांसफॉर्मर में जोरदार धमाके के बाद आग लगने की आशंका जताई गई है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
अधिकारियों के अनुसार, आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है। पूरी तरह आग बुझने के बाद घटनास्थल की जांच की जाएगी, जिसके बाद आग लगने के सटीक कारणों का पता चल सकेगा।
















