धनबाद: ‘स्वच्छ वायु दिवस-2026’ के अवसर पर धनबाद नगर निगम की ओर से न्यू टाउन हॉल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को वायु प्रदूषण कम करने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का संदेश दिया गया।
प्रदूषण कम करने के लिए इन बातों पर जोर
कार्यक्रम में लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने, खुले में कचरा नहीं जलाने और निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन को प्राथमिकता देने की अपील की गई।
शहर में वायु गुणवत्ता की निगरानी के लिए 10 सेंसर आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम लगाए गए हैं। इसके अलावा लोगों को एयर क्वालिटी की जानकारी उपलब्ध कराने के लिए 5 बड़े LED डिस्प्ले भी लगाए गए हैं।
55 वार्डों में चला वृक्षारोपण अभियान
नगर निगम की ओर से धनबाद के सभी 55 वार्डों में वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। स्कूल-कॉलेजों में भी पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
आगे इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन, वाहन स्क्रैप और ग्रीन वॉल फेंसिंग जैसी योजनाओं पर भी काम करने की बात कही गई।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण से जुड़ी प्रदर्शनी लगाई, जबकि साथी फाउंडेशन की ओर से नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को स्वच्छ हवा और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
नगर आयुक्त ने बताया कि लोगों की भागीदारी से धनबाद ने इस वर्ष स्वच्छ शहरों की रैंकिंग में झारखंड में पहला और देश में 18वां स्थान हासिल किया है।
स्वच्छ हवा और बेहतर पर्यावरण के लिए प्रशासन के साथ आम लोगों की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया गया।
















