धनबाद: मेमको मोड़ के पास एक युवक के साथ मारपीट के विरोध में स्थानीय ग्रामीणों ने 8 लेन के सर्विस लेन को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने मारपीट करने वाले लोगों की गिरफ्तारी की मांग की।
ग्रामीणों के अनुसार, बस्ती का एक युवक धार्मिक स्थल के पास ट्रक सवार कुछ लोगों को शौच करने से मना कर रहा था। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और ट्रक पर सवार चार-पांच लोगों ने कथित तौर पर युवक के साथ मारपीट कर दी।
ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को आता देख ट्रक सवार लोग वाहन को सड़क पर छोड़कर मौके से फरार हो गए। इसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने 8 लेन के सर्विस लेन को जाम कर दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मारपीट के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
















