रांची: डिबडीह पुल के पास लोहरदगा रेलवे लाइन पर ड्यूटी के दौरान एक रेलवे कर्मचारी मालगाड़ी की चपेट में आ गए। हादसे में 59 वर्षीय की-मैन राम अवधेश लाल की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, राम अवधेश लाल रेलवे में की-मैन के पद पर कार्यरत थे और ड्यूटी के दौरान लोहरदगा लाइन पर काम कर रहे थे। इसी दौरान वह मालगाड़ी की चपेट में आ गए।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलने पर परिजन, डोरंडा थाना पुलिस और जीआरपी रांची की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया।
फिलहाल हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच पुलिस और जीआरपी की ओर से की जा रही है। घटना की सूचना मिलने के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।
















