रांची: दुर्गापूजा को देखते हुए रांची में यातायात और सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की कवायद तेज कर दी गई है। उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर कई अहम दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रमुख सड़कों पर बने अनावश्यक कट को हटाने, अवैध पार्किंग पर कार्रवाई करने और ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ ऑटोमैटिक चालान व्यवस्था की समीक्षा करने को कहा गया। इसके साथ ही जाम की समस्या वाले क्षेत्रों और प्रमुख पूजा स्थलों के आसपास दुर्गापूजा के दौरान विशेष ट्रैफिक व्यवस्था तैयार करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने पहले हटाए गए अतिक्रमण पर दोबारा कब्जा न हो, इसके लिए नियमित निगरानी और माइकिंग कराने पर जोर दिया। शहर के सभी वार्डों में वेंडर मार्केट के लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित करने तथा खाली सरकारी जमीन की सूची तैयार करने का भी निर्देश दिया गया।
बैठक में बिजली के खंभों पर बेतरतीब तरीके से लगाए गए केबल को हटाने और GAIL के काम के बाद सड़कों पर बने गड्ढों की मरम्मत कर सड़क को पहले की स्थिति में लाने पर भी चर्चा हुई।
उपायुक्त ने विकास कार्यों में तेजी लाने के साथ दुर्गापूजा से पहले यातायात, सुरक्षा, अतिक्रमण और शहर की व्यवस्था से जुड़े जरूरी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए।
















