रांची: डोरंडा थाना क्षेत्र के कुसई चौक के पास रविवार देर रात तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से 20 वर्षीय दीपक कुमार की मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
गंभीर रूप से घायल दीपक को इलाज के लिए गुरुनानक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सड़क पर आगजनी कर जताया विरोध
घटना की जानकारी मिलने के बाद सोमवार को आक्रोशित स्थानीय लोगों ने घाघरा के पास सड़क पर आगजनी कर जाम कर दिया। लोगों ने फरार कार चालक की गिरफ्तारी और उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सड़क जाम होने से कुछ समय तक आवागमन प्रभावित रहा।
पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
मृतक के भाई रोशन कुमार ने डोरंडा थाना में लिखित शिकायत देकर कार संख्या JH01GA5607 के चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और फरार चालक तथा वाहन की तलाश में जुटी है।
पुलिस मामले की जांच के साथ घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटा रही है।
















