ग्रेटर नोएडा: यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक स्लीपर बस में भीषण आग लगने से 9 यात्रियों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य यात्री घायल हुए हैं। हादसा जेवर थाना क्षेत्र में एक्सप्रेसवे के करीब 33वें किलोमीटर पर हुआ। बस दिल्ली के कश्मीरी गेट से महोबा जा रही थी। पुलिस के अनुसार बस में करीब 30-35 यात्री सवार थे।
यात्रियों ने पहले ही दी थी जलने की गंध की जानकारी
घटना के बाद दर्ज FIR में यात्री सुनील कुमार ने आरोप लगाया कि बस के ड्राइवर केबिन की ओर से जलने जैसी तेज गंध आ रही थी। यात्रियों ने चालक और परिचालक को इसकी जानकारी देकर बस रोककर जांच करने को कहा, लेकिन शिकायत के अनुसार उनकी बात को गंभीरता से नहीं लिया गया।
FIR में यह भी आरोप लगाया गया है कि चालक और परिचालक केबिन में बीड़ी-सिगरेट पी रहे थे। कुछ देर बाद ड्राइवर सीट के पास आग की लपटें उठीं और तेजी से पूरी बस में फैल गईं। हालांकि, ये आरोप FIR में दर्ज शिकायत का हिस्सा हैं और पुलिस इनकी जांच कर रही है।
आग लगते ही मची अफरातफरी
बस में आग फैलने के बाद यात्रियों में अफरातफरी मच गई। कई यात्रियों ने खिड़कियों और दरवाजों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। राहत एवं बचाव टीम ने मौके पर पहुंचकर यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
प्रारंभिक जांच में पुलिस और अग्निशमन विभाग की ओर से बस के AC में स्पार्क/शॉर्ट सर्किट या ब्लास्ट के बाद इंजन के लुब्रिकेंट ऑयल में आग लगने की आशंका जताई गई है। आग की वास्तविक वजह की जांच जारी है।
पुलिस ने मामले में चालक और परिचालक को गिरफ्तार किया है। हादसे से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
















