लोयाबाद. बीसीसीएल सिजुआ क्षेत्र की बासुदेवपुर कोलियरी अंतर्गत एकड़ा झारखंड मोड़ के पास शुक्रवार की दोपहर अचानक तेज आवाज के साथ गोफ बन गया. गोफ बनने के बाद उसमें से लगातार भारी मात्रा में गैस का रिसाव होने लगा. घटना के बाद आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया.
गैस रिसाव देखने जुटी लोगों की भीड़
गोफ बनने और गैस रिसाव की खबर कुछ ही देर में पूरे क्षेत्र में फैल गयी. इसके बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गये. लोगों की भीड़ गैस रिसाव और गोफ को देखने के लिए जुटी रही.
एटक के बासुदेवपुर कोलियरी सचिव दिनेश रवानी ने घटना की जानकारी कोलियरी प्रबंधन को दी. सूचना मिलने के बाद परियोजना पदाधिकारी नारायण प्रसाद मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. उन्होंने जल्द ही गोफ की भराई कराने का आश्वासन दिया.
प्रबंधन की लापरवाही का लगाया आरोप
दिनेश रवानी ने घटना के लिए बीसीसीएल प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा कि यहां बीसीसीएल की ओर से सात नंबर इंकलाइन चलाकर कोयला निकाला गया है, लेकिन खनन के बाद ठीक तरीके से बालू की भराई नहीं करायी गयी.
















