रांची: वियतनाम में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले रांची के किशोरगंज निवासी योग शिक्षक राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर शनिवार को उनके आवास पहुंचा। पार्थिव शरीर को पहले कोलकाता एयरपोर्ट लाया गया, जिसके बाद सड़क मार्ग से रांची लाया गया। घर पहुंचते ही परिजनों में मातम पसर गया और उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
अंतिम दर्शन के लिए उमड़ी भीड़
राजा कुमार वर्मा वियतनाम में योग प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत थे। जानकारी के अनुसार, सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद उनका इलाज चल रहा था, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पार्थिव शरीर के घर पहुंचने की सूचना के बाद रिश्तेदारों, परिचितों और स्थानीय लोगों की भीड़ अंतिम दर्शन के लिए जुट गई।
सरकार के प्रयास से भारत लाया गया पार्थिव शरीर
हादसे की जानकारी मिलने के बाद परिवार ने राजा वर्मा का पार्थिव शरीर भारत लाने के लिए राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष से मदद मांगी थी। इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास के साथ समन्वय कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की गई। शनिवार को पार्थिव शरीर कोलकाता पहुंचा, जहां से उसे सड़क मार्ग से रांची लाया गया।
महुआ माजी ने परिजनों से की मुलाकात
राज्यसभा सांसद महुआ माजी भी राजा वर्मा के आवास पहुंचीं और शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की। उन्होंने इस दुख की घड़ी में परिवार के साथ खड़े रहने की बात कही।
वहीं, मुख्यमंत्री के निर्देश पर श्रम विभाग की ओर से मृतक के आश्रित को मुख्यमंत्री झारखंड अंतरराष्ट्रीय प्रवासी श्रमिक अनुदान योजना के तहत 5 लाख रुपये की वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
















