रांची: राजधानी रांची में देह व्यापार के कथित अवैध कारोबार की सूचना पर पुलिस ने देर रात बड़ी कार्रवाई की। एसएसपी राकेश रंजन को मिले गुप्त इनपुट के आधार पर कोतवाली थाना क्षेत्र के कचहरी चौक के पास स्थित होटल कोरिंथिया में पुलिस टीम ने छापेमारी की।
होटल के कमरों में पुलिस ने की जांच
छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल के अलग-अलग कमरों की तलाशी ली। पुलिस के अनुसार, इस दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में 6 युवतियों और 8 युवकों समेत कुल 14 लोगों को हिरासत में लिया गया। होटल के मैनेजर और कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।
कार्रवाई के दौरान सिटी डीएसपी समेत कई थानों के थाना प्रभारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। हिरासत में लिए गए लोगों को कोतवाली थाना लाकर पूछताछ की जा रही है।
नेटवर्क और होटल रिकॉर्ड की जांच
पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि होटल में कथित गतिविधियां कब से चल रही थीं और इसमें कौन-कौन लोग शामिल थे। साथ ही होटल के एंट्री रजिस्टर, आने-जाने वाले ग्राहकों और अन्य रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।
पुलिस इस पहलू की भी जांच कर रही है कि मामले का किसी दूसरे शहर या राज्य के नेटवर्क से संबंध तो नहीं है। होटल के लाइसेंस और नियमों के पालन को लेकर भी संबंधित विभागों को रिपोर्ट भेजे जाने की बात कही गई है।
फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है। कथित देह व्यापार के आरोपों की पुष्टि जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई के बाद ही स्पष्ट होगी।
















