चंदनकियारी: झारखंड भाषा खतियान संघर्ष समिति (जेएलकेएम) की ओर से संगठन विस्तार और बूथ स्तर तक सांगठनिक गतिविधियों को मजबूत करने के उद्देश्य से चंदनकियारी स्थित रविंद्र भवन में सम्मान समारोह सह संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई।
नवनियुक्त पदाधिकारियों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में चंदनकियारी, बोकारो और गोमिया विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों के अलावा विभिन्न जिला अध्यक्षों, सवर्ण मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष, केंद्रीय कमेटी और अलग-अलग प्रकोष्ठों के नवनियुक्त पदाधिकारियों का अभिनंदन किया गया।
समारोह के दौरान कुल 98 नवनियुक्त पदाधिकारियों को अंगवस्त्र और माला पहनाकर सम्मानित किया गया। इस दौरान संगठन की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और लोगों से जुड़े मुद्दों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया।
गांव और पंचायत स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर
केंद्रीय महासचिव अर्जुन रजवार ने कहा कि संगठन का लक्ष्य गांव और पंचायत स्तर तक अपनी पहुंच को मजबूत करना है। उन्होंने नवनियुक्त पदाधिकारियों से जमीनी स्तर पर सक्रिय रहकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
बैठक में संगठन विस्तार, स्थानीय स्तर पर सक्रियता और आगामी राजनीतिक गतिविधियों को लेकर कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय बनाने पर भी चर्चा हुई।
















