धनबाद: निरसा थाना क्षेत्र में एक बेकाबू ट्रक ने सड़क पर कई मवेशियों और वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया।
चालक को पकड़कर पीटा, पुलिस पर भी पथराव
हादसे के बाद ग्रामीणों ने ट्रक का पीछा कर फटका ब्रिज के पास चालक को पकड़ लिया। आक्रोशित लोगों ने चालक की पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और चालक को भीड़ से बाहर निकालने का प्रयास किया।
इसी दौरान कुछ ग्रामीणों की ओर से पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया गया। पथराव में एक पीसीआर वैन क्षतिग्रस्त होने की सूचना है। कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी बात सामने आई है।
घायल चालक को SNMMCH भेजा गया
पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद गंभीर रूप से घायल चालक को भीड़ से सुरक्षित बाहर निकाला। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच धनबाद रेफर किया गया।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय विधायक अरूप चटर्जी भी मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया।
फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और ट्रक से हुए नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।
















