चंदनकियारी: दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को चास मुफस्सिल थाना परिसर में शांति समिति की बैठक हुई। बैठक की अध्यक्षता सहायक पुलिस अधीक्षक वेदांत शंकर ने की, जबकि संचालन थाना प्रभारी प्रकाश मंडल ने किया। बैठक में चास बीडीओ प्रदीप कुमार सहित थाना के पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में एएसपी वेदांत शंकर ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस-प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने पूजा समितियों और स्थानीय लोगों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। साथ ही शांति व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही।
डीजे, ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा
बैठक में ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण, डीजे पर प्रतिबंध, पूजा समितियों की ओर से स्वयंसेवकों की तैनाती, यातायात व्यवस्था, अग्निशमन की तैयारी, पर्याप्त रोशनी, माइक के इस्तेमाल और साफ-सफाई समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
पुलिस पदाधिकारियों को क्षेत्र में होने वाली गतिविधियों पर नजर रखने और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। पूजा समितियों से भी निर्धारित नियमों और प्रशासनिक निर्देशों का पालन करते हुए आयोजन करने की अपील की गई।
एएसपी ने कहा कि दुर्गापूजा श्रद्धा, भक्ति और आपसी भाईचारे का पर्व है। सभी लोग मिल-जुलकर शांतिपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाएं और किसी भी तरह की अफवाह या विवाद से बचें।
बैठक में पार्वती चरण महतो, कालापत्थर पंचायत के मुखिया दिनेश कुमार रजक, कुम्हरी पंचायत की मुखिया वनिता देवी, इसराफिल अंसारी, सुभाष पाठक, डॉ. लखन खवास, मोहन गोराई, संतोष केवट, तापस महतो, हारू दत्ता, मो. अली अंसारी, मुमताज अंसारी, भैरव चौबे, शेखर चौबे, जावेद अंसारी, बबलू चौबे समेत दर्जनों लोग मौजूद रहे।
















