धनबाद: एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर सोमवार को जिले के विभिन्न इलाकों में ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक वाहन जांच अभियान चलाया। प्रशिक्षु आईपीएस अंकित सिन्हा के नेतृत्व में चले अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान 30 वाहनों को जब्त किया गया। वहीं, बिना ड्राइविंग लाइसेंस वाहन चलाने वाले छह चालकों के खिलाफ भी कार्रवाई हुई। नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने, जरूरी दस्तावेज नहीं रखने, गलत दिशा में वाहन चलाने समेत अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर भी पुलिस ने कार्रवाई की।
जांच के दौरान पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने वाले ऑटो और टोटो चालकों पर विशेष नजर रखी। ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस के अनुसार, पूरे अभियान के दौरान वाहनों पर करीब पांच लाख रुपये का चालान किया गया। अभियान में ट्रैफिक डीएसपी रोहित कुमार साव समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के उद्देश्य से वाहन जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा।
















